Publish Date: 23 Jan, 2025
Author: Anjum Qureshi
Pinterest
Republic Day 2025: 26 जनवरी के दिन भारत का गणतंत्र दिवस मनाया जाता है। गणतंत्र दिवस भारत का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है। इस दिन 1950 में भारतीय संविधान लागू हुआ था, जिससे भारत एक स्वतंत्र और संप्रभु गणराज्य बना। गणतंत्र दिवस हमें लोकतंत्र, स्वतंत्रता, और समानता के मूल्यों को याद दिलाता है, जो भारतीय संविधान द्वारा सुनिश्चित किए गए हैं। गणतंत्र दिवस की मुख्य आकर्षण दिल्ली में होने वाली भव्य परेड होती है, जिसमें भारतीय सेना, पुलिस बल और सांस्कृतिक दल भाग लेते हैं। यह परेड हमारे देश की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक धरोहर और विविधता को प्रदर्शित करती है। साल 2025 का गणतंत्र दिवस बेहद खास होने वाला है। इस परेड की तैयारी का काफी समय पहले से ही शुरु हो जाती है।
10,000 विशेष अतिथियों को किया गया आमंत्रित
26 जनवरी 2025 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 76 वें गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन किया जाएगा। हर साल की तरह इस साल भी यह परेड बहुत शानदार होने वाला है। इस परेड में लगभग 10,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। यह अतिथि विविध पृष्ठभूमि से है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। इस साल पहली बार आपदा राहत और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आपदा राहत कार्यकर्ताओं, पानी समिति, जल योद्धाओं, सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों, वन और वन्य जीव संरक्षण स्वयंसेवकों को आमंत्रित किया गया है।
गणतंत्र दिवस परेड में आत्मनिर्भर भारत झलक
साल 2025 की गणतंत्र दिवस परेड इस कारण भी खास होने वाली है क्योंकि इस साल इसमें आत्मनिर्भर भारत और शौर्य को दिखाया गया है। इस साल परेड में भारतीय सेना अपनी स्वदेशी और आधुनिक सैन्य ताकत का प्रदर्शन करेगी। परेड में नाग मिसाइल सिस्टम, टी-90 भीष्म टैंक, सारथ टैंक, ब्रह्मोस मोबाइल लॉन्चर, चेतक ऑल टेरेन व्हीकल, बजरंग लाइट स्पेशलिस्ट वाहन, अग्निबाण मल्टीबैरल रॉकेट लॉन्चर, सेना कपिध्वज स्पेशलिस्ट मोबिलिटी वाहन, नंदीघोष क्विक रिएक्शन फोर्स वाहन, शॉर्ट ब्रिज सिस्टम, संजय बैटल फील्ड सर्विलांस सिस्टम और आकाश आर्मी लॉन्चर का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा अलग-अलग राज्यों की झांकियां और संस्कृति की भी झलक इस परेड में देखने को मिलेगी।